Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके दो भाइयों ने मार-पीट कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद पीड़िता ने टेल्को थाना में अपने भाइयों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की गुहार लगाई है।
घटना के पीछे का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता श्वेता शर्मा की मां का 28 मई को निधन हो गया था, जिसके बाद वह अपने पिता की देखभाल करने के लिए उनके घर में रह रही थी। उसके दो भाई ओम प्रकाश शर्मा और वेद प्रकाश शर्मा पिता से अलग रहते हैं और घटना के दिन वे अपने चाचा को साथ लेकर पिता के घर पहुंचे, जहां श्वेता भी थी। इसी दौरान बातचीत के क्रम में श्वेता ने अपने चाचा की किसी बात का विरोध किया, जिस पर दोनों भाई उससे उलझ गए और मारपीट करने लगे।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
श्वेता ने अपनी शिकायत में बताया कि दोनों भाइयों ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने उसे जमीन पर पटक कर लात-घूसों से मारा और जान मारने की नीयत से उसके पेट, सीने और मुंह पर जूते से मारा। यही नहीं, छोटे भाई ने उसके सीने पर पैर रख कर उसे मार डालने की कोशिश भी की। घटना के बाद श्वेता ने अपना इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
कार्रवाई की गुहार
श्वेता ने पुलिस से भय के माहौल से निजात दिलाने और अपने भाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उसने बताया कि घटना के बाद से पूरे घर में भय का माहौल बना हुआ है और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

