Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 48-जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अनमैप्ड मतदाताओं के लिए 8 जून से 13 जून 2026 तक विशेष SIR मैपिंग अभियान चलाया जाएगा। साथ ही उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। वहीं जनगणना कार्य में संलग्न बीएलओ दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाताओं की सहायता करेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 के बाद जन्मे मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी SIR मैपिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। अनमैप्ड मतदाताओं की सूची निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सभी संबंधित मतदाताओं से निर्धारित अवधि में SIR मैपिंग कराकर अपने निर्वाचन अभिलेखों को अद्यतन कराने की अपील की गई है।
इधर समाहरणालय में आयोजित बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि बीएलए-2 नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची सत्यापन, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा त्रुटियों के सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बीएलए-2 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई और जिन बूथों पर अब तक नियुक्ति नहीं हुई है, वहां शीघ्र नियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सभी गतिविधियां समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएंगी। राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को और अधिक पारदर्शी, सटीक और अद्यतन बनाया जा सकेगा।

