Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में साकची स्ट्रेट माइल रोड से लेकर बारिडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज परिसर तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम बुलडोजर और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में अभियान चला रही है। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों, ठेलों और अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन में किसी भी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगी खास नजर
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति दौरे को लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में भी चल रही तैयारी
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित होना है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

