Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में बारीडीह स्थित विजय गार्डन गेट नंबर-1 के पास बुधवार को देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम अभिषेक डे है। वह नाइट ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे।
गौरतलब है कि अभिषेक अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान सरिया लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर भी उसी रास्ते से गुजर रहा था। अचानक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे अभिषेक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और लापरवाही बरतते हुए अभिषेक को कुचलता हुआ ट्रेलर आगे बढ़ गया। इस तरह मौके पर ही अभिषेक की मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि अभिषेक एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। 31 मार्च होने की वजह से कंपनी में अधिक काम था। इसी वजह से वह देर रात ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है

