Jamshedpur : बर्मामाइंस पार्किंग में पार्किंग शुल्क और अन्य मदों में कैश के रूप में अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के बैनर तले गुरुवार को सैकड़ों ड्राइवरों ने पार्किंग गेट को जाम कर दिया। इस विरोध के कारण वहां से गुजरने वाले सभी ट्रेलर और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
ड्राइवरों का कहना है कि इस महीने एक तारीख से उनसे मेडिकल जांच के नाम पर 250 रुपये की वसूली की जा रही है। जबकि, इसका कहीं कोई सरकारी नियम नहीं है। उनका कहना है कि टाटा स्टील के माल की ढुलाई करने वाले कुल तकरीबन 8000 ड्राइवरों से यह वसूली होनी है। यही नहीं, जांच के नाम पर ड्राइवरों का एक सिरिंज भर कर खून निकाला जा रहा है। ड्राइवरों का कहना है कि उनका हर महीने मेडिकल जांच के लिए खून निकाला जाएगा तो वह कमजोर हो जाएंगे। क्योंकि, ड्राइवरों के मुताबिक उन्हें पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता। खाना भी उन्हें होटल का मिलता है जो घर के खाने की बनिस्बत ठीक नहीं होता। ड्राइवरों का आरोप है कि बर्मामाइंस पार्किंग जमशेदपुर पूर्वी इलाके में आती है। ड्राइवर इतनी बड़ी समस्या से दोचार हैं मगर, अब तक कोई विधायक या सांसद उनकी सुध लेने नहीं आए।
ड्राइवरों का आरोप है कि टाटा स्टील ने माल भाड़ा नहीं बनाया है। भाड़ा वही है। मगर, पार्किंग का चार्ज बढ़ा दिया है। ट्रक ड्राइवरों से 150 रुपये से लेकर 200 रुपये तक वसूला जा रहा है। ड्राइवरों का कहना है कि टाटा स्टील को पार्किंग का पैसा लेना ही नहीं चाहिए। क्योंकि, सभी ट्रक कंपनी का ही माल ढोने के लिए यहां आते हैं।
ड्राइवरों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी बात की मगर, कोई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह का कहना है कि उन्होंने कई बार मामले में आवाज उठाई है मगर, कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि मजदूरों के इस संघर्ष की वजह से उन्हें जेल भेजा गया। आठ महीने तक बेल नहीं मिली। जयकिशोर सिंह का आरोप है कि कंपनी उनकी हत्या भी करा सकती है। मगर, वह ड्राइवरों की समस्या को लेकर कभी झुकेंगे नहीं। वह मजदूरों के लिए कोई भी प्रताड़ना झेलने को तैयार हैं। बस ड्राइवरों को इंसाफ मिलना चाहिए।
जयकिशोर ने कहा कि पार्किंग में ड्राइवरों से मेडिकल जांच के नाम पर 250 रुपये जबरन वसूले जाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे टेस्ट के दौरान जरूरत से ज्यादा खून लिया जाता है।
जयकिशोर सिंह ने कहा कि यह वसूली ड्राइवरों पर भारी आर्थिक बोझ है और वे इसे देने में सक्षम नहीं हैं। यूनियन ने कहा कि वे सभी सरकारी विभागों से लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन को तेज किया गया है। ड्राइवरों का गेट जाम तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता।
Read also Palamu News : फेयर माइंस ने पलामू में 14 एकड़ भूमि पर किया अवैध कोयला खनन, सीओ की जांच में आया सामने

