Jamshedpur (Jharkhand): पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टेल्को थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंडल बस्ती डी.बी.सी. क्षेत्र से एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा।
पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टाईगर मोबाइल टीम के आरक्षी सम्श तबरेज खुर्शीद ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कन्हैया लाल (45 वर्ष), पिता स्व. गिरधारी लाल, निवासी ईस्ट प्लान बस्ती लाइन नंबर-07 पंजाबी लाइन, थाना वर्मामांईस, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का बताया गया है।
पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, एक की-पैड मोबाइल और एक नीला थैला बरामद किया है। हथियार और अन्य सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है।पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। मौके पर पहुंचते ही आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया गया।
पकड़े जाने के बाद उसने अपना नाम और पता बताया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।इस छापेमारी अभियान में टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सोहन लाल, हेमकिशोर गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक उत्तम राम और टाईगर मोबाइल टीम के आरक्षी शामिल थे। पुलिस ने इसे अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना है।

