Home » Jamshedpur : LBSM College में छात्रों ने जाना बचत का महत्व, RBI के नेशनल ट्रेनर डॉ. सुजीत मुखर्जी ने बताया सेविंग्स को आर्थिक संपन्नता का मूल मंत्र

Jamshedpur : LBSM College में छात्रों ने जाना बचत का महत्व, RBI के नेशनल ट्रेनर डॉ. सुजीत मुखर्जी ने बताया सेविंग्स को आर्थिक संपन्नता का मूल मंत्र

by Anand Mishra
LBSM College Seminar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur (Jharkhand) : करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज (LBSM College) में शुक्रवार को छात्रों को निवेश के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। “निवेश जागरूकता” विषय पर आयोजित इस सेमिनार में वित्तीय क्षेत्र के विशेषज्ञों ने छात्रों को बचत और निवेश के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बचत आर्थिक संपन्नता का मूलमंत्र : प्राचार्य डॉ. एके झा

सेमिनार की शुरुआत में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके झा ने छात्रों का स्वागत किया और विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि वर्तमान समय बचत का युग है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जितना अधिक बचत किया जा सके, उतना ही बेहतर है। इसके लिए एक नियमित आदत बनाने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में सुखद और समृद्ध जीवन जिया जा सके। उन्होंने सेमिनार के मुख्य वक्ता, सेबी (SEBI), आरबीआई (RBI), एनएसई (NSE), बीएसई (BSE) और सीडीएसएल (CDSL) मुंबई के राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. सुजीत मुखर्जी का स्वागत किया।

छोटे निवेश से भी बन सकती है बड़ी बचत : डॉ. सुजीत मुखर्जी

सेमिनार में मुख्य वक्ता डॉ. मुखर्जी ने विषय-वस्तु पर विस्तृत चर्चा करते हुए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से छात्र-छात्राओं को निवेश के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सेबी और अन्य वित्तीय संस्थाओं का मुख्य उद्देश्य निवेशकों के हितों की रक्षा करना, बचत को बढ़ावा देना और वित्तीय प्रणाली के कुशल कामकाज को सुनिश्चित करना है। डॉ. मुखर्जी ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपनी कमाई का सही तरीके से निवेश करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे निवेश करके भी भविष्य के लिए एक अच्छी बचत की जा सकती है। बचत से न केवल आपातकालीन खर्चों को पूरा किया जा सकता है, बल्कि बड़े लक्ष्यों को भी प्राप्त किया जा सकता है और अपने वित्तीय भविष्य पर नियंत्रण रखा जा सकता है। उन्होंने बचत को आर्थिक संपन्नता का मूलमंत्र बताया। डॉ. मुखर्जी ने निवेशकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए सेबी के टोल फ्री नंबर 1800 266 7575 की भी जानकारी दी, ताकि वे किसी भी प्रकार की वित्तीय जानकारी या शिकायत के लिए इस पर संपर्क कर सकें।

छात्रों ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने दिए जवाब

सेमिनार के अंत में प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें वाणिज्य विभाग के स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के 103 छात्र-छात्राओं ने डॉ. मुखर्जी से निवेश और बचत से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. विजय प्रकाश ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लक्ष्मी रानी महांती ने दिया। इस सेमिनार का उद्देश्य छात्रों को वित्तीय रूप से साक्षर बनाना और उन्हें भविष्य के लिए सही निवेश निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना था।

Read also : KG के छात्र के साथ बर्बरता, प्रिंसिपल ने इतना पीटा कि कराना पड़ा भर्ती

Related Articles