Jamshedpur : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर अब जमशेदपुर में भी देखने को मिल रहा है। शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। कई उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की बुकिंग में दिक्कत आने और बाजार में कालाबाजारी होने की शिकायत की है, जिससे आम लोगों की रसोई पर संकट गहराने लगा है।
बुधवार को जुगसलाई स्थित काबरा गैस एजेंसी में बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस बुकिंग और सिलेंडर की जानकारी लेने के लिए पहुंचे। एजेंसी के बाहर लोगों की भीड़ देखी गई। गैस बुक कराने पहुंची आशा पांडेय, संत बेहरा सहित कई ग्राहकों ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही थी। मजबूर होकर उन्हें सीधे एजेंसी पहुंचना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग नहीं होने के कारण समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बाजार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। जिन घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत करीब एक हजार रुपये है, उन्हें कुछ स्थानों पर 1800 से 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। इससे आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि काबरा गैस एजेंसी के संचालकों ने गैस की किसी भी तरह की कमी से इनकार किया है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार हाल के दिनों में कई लोग जरूरत से ज्यादा गैस बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके कारण डिलीवरी में थोड़ी देरी हो रही है।
एजेंसी संचालकों ने यह भी बताया कि कुछ समय के लिए ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। फिलहाल उस गड़बड़ी को ठीक कर लिया गया है और अब बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही है।
इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में गैस को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और अफवाहों के कारण कई लोग अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो रही है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जाए और जरूरतमंद लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम लोगों की रसोई पर किसी तरह का संकट न आए।
Read Also- Garhwa Firing : गढ़वा में हर्ष फायरिंग, बारात में शामिल एक युवक घायल

