Home » Jamshedpur Picnic : नए साल को लेकर पिकनिक स्थलों पर सैलानियों की रौनक, पहाड़भांगा से चांडिल डैम तक गुलजार

Jamshedpur Picnic : नए साल को लेकर पिकनिक स्थलों पर सैलानियों की रौनक, पहाड़भांगा से चांडिल डैम तक गुलजार

शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, सिटी एसपी ने जुबिली पार्क में लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पिकनिक स्पॉट पर पुलिस तैनात

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Picnic Spots New Year
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : साल के आखिरी दिन बुधवार को आज लौहनगरी और इसके आसपास के पिकनिक स्पॉट गुलजार हैं। यहां सैलानियों की रौनक है। इन पिकनिक स्पॉटों पर पिकनिक करने वालों का मजमा है। अपने परिवार के साथ आए लोग पिकनिक मना रहे हैं। हर तरफ खुशी का समा है। लोग पिकनिक का आनंद लेकर साल को विदा कर रहे हैं। जमशेदपुर का जुबिली पार्क पिकनिक का मुख्य केंद्र बना हुआ है। यहां सबसे अधिक लोग जुटे हैं। इसके अलावा, मोदी पार्क, डिमना डैम, चांडिल डैम, पहाड़भांगा, डोबो डैम, दलमा आदि इलाके में लोगों की भीड़ है। पुलिस ने सभी पिकनिक स्पॉट पर नजर रखी है। यहां पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने एक फ्लैग मार्च भी निकाला है। यह फ्लैग मार्च सीसीआर से निकला और जुबिली पार्क पहुंचा। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने जुबिली पार्क की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।

जमशेदपुर में पिकनिक का काफी क्रेज है। यहां का जुबिली पार्क एक बड़ा पिकनिक स्थल है। यहां बुधवार को पिकनिक करने वालों की काफी भीड़ देखी जा रही है। लोग घरों से अच्छे-अच्छे पकवान बना कर आए हैं। लोग खा रहे हैं। पी रहे हैं और मौज-मस्ती कर रहे हैं। बच्चे बैडमिंटन, खो-खो, फुटबाल आदि खेल खेल रहे हैं। कई संस्थाओं का भी यहां पिकनिक हो रहा है। मानगो के रोड नंबर 15 निवासी राकेश सिंह परिवार के साथ जुबिली पार्क आए हैं। उनका कहना है कि अगर आज भी पिकनिक के लिए नहीं निकले तो फिर जिंदादिली किस काम की। बच्चे भी पिकनिक की जिद कर रहे थे।

500 एकड़ में फैला जुबिली पार्क शहर की जान है। यह दिल्ली के मुगल गार्डन की तर्ज पर विकसित हुआ है। यहां साल भर तक पिकनिक करने वालों की भीड़ रहती है। क्या सर्दी क्या गर्मी जुबिली पार्क हमेशा गुलजार रहता है। मगर, दिसंबर और जनवरी में यहां पिकनिक करने वालों की संख्या आसमान पर पहुंच जाती है। पार्क के अंदर ही जयंती सरोवर है। इसके किनारे बैठना लोगों को खूब भाता है। टाटा जू भी जुबिली पार्क के अंदर ही है। मगर, अब इसका मुख्य गेट मरीन ड्राइव की तरफ खोल दिया गया है। इससे यह जुबिली पार्क से कट गया है और यहां जाने के लिए लोगों को मरीन ड्राइव जाना पड़ता है। टाटा जू में भी लोग घूमने पहुंच रहे हैं।

डिमना में पहुंचे बाहरी सैलानी

डिमना में इन दिनों बंगाल और ओडिशा के सैलानियों का मजमा है। यहां सैलानियों की दर्जन भर से अधिक बसें खड़ी हैं। एक बस के चालक सकुर मोहंती बताते हैं कि वह बस में रायरंग के सैलानियों को लेकर आए हैं। इसी तरह, कोलकाता और बंगाल के अन्य इलाकों से भी सैलानियों की बसें यहां आई हैं।

चांडिल में लोग ले रहे नौका विहार का लुत्फ

चांडिल में डैम के किनारे भी पिकनिक करने वालों की भीड़ है। यहां झारखंड के विभिन्न शहरों के अलावा छत्तीसगढ़, बंगाल और ओडिशा से लोग आए हैं। यहां लोग नौकाविहार का भी आनंद ले रहे हैं। डैम के अंदर स्थित टापू लोगों के आकर्षण का केंद्र है। यहां के रेस्टोरेंटों में भी तिल रखने की जगह नहीं है। यहां के रेस्तराओं में सैलानियों के पसंद के भोजन बनाए गए हैं।

पहाड़भांगा

पोटका प्रखंड के शंकरदा के पास स्थित पहाड़भांगा भी एक पिकनिक स्पॉट है। यह इन दिनों सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह स्थल वादी में स्थित है और झरना आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इन दिनों पहाड़भांगा ओडिशा और बंगाल के टूरिस्टों से गुलजार हो गया है। यहां की हरियाली बरबस ही लोगों का ध्यान खींचती है। यह स्थल इतना खूबसूरत है।

Read Also: Lucknow News : लखनऊ में नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश, एक करोड़ की मार्फीन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Related Articles