जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो में आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी द्वारा दो स्कूटी सवारों को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मी ने हेलमेट नहीं पहनने पर पहले एक युवक को थप्पड़ मारा, फिर दूसरे स्कूटी सवार को भी जोरदार चांटा जड़ दिया। बुधवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
दुकान से निकला था पुलिस कर्मी
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी एक दुकान से बाहर आता है और सामने से गुजर रहे स्कूटी सवार को रोकता है। स्कूटी पर सवार युवक अपनी बहन के साथ जा रहा था। पुलिसकर्मी ने उससे वाहन के स्वामित्व और हेलमेट न पहनने का कारण पूछा। युवक ने जवाब दिया कि वह पास ही अपने घर जा रहा था, इसलिए हेलमेट पहनना भूल गया। इतना सुनते ही पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया।इसके बाद पुलिसकर्मी ने आगे बढ़कर एक अन्य स्कूटी सवार को रोका, उससे भी हेलमेट न पहनने की वजह पूछी और फिर इतना जोरदार थप्पड़ मारा कि युवक का मोबाइल सड़क पर गिर गया।
घटना से लोगों में आक्रोश
इस घटना को लेकर जमशेदपुर के लोगों में रोष है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिसकर्मी को किसने यह अधिकार दिया कि वह आम नागरिकों पर हाथ उठाए? लोग मांग कर रहे हैं कि जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इस घटना का संज्ञान लेना चाहिए और दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
साकची में भी हुई थी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले भी साकची गोल चक्कर पर एक पुलिसकर्मी द्वारा एक बाइक सवार को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। इस तरह की घटनाओं से जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
Read also – Jamshedpur Accident : मानगो में एक हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत

