Jamshedpur : पटना से टाटानगर आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों से अवैध वसूली करते हुए दो टीटीई नसीम और अर्जुन साहू रंगे हाथ पकड़े गए। यह कार्रवाई धनबाद रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान हुई।
बिना टिकट यात्रियों से वसूले पैसे, दी गईं सीटें
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों टीटीई ने बिना टिकट 11 यात्रियों से पैसा लेकर उन्हें ट्रेन में यात्रा करने दी और सीट भी उपलब्ध कराई। यह पूरी घटना 11 मई को हुई, जब वंदे भारत में चेकिंग के दौरान इन टीटीई की करतूत उजागर हुई।
ट्रेन ड्यूटी से हटाए गए, जांच पूरी होने तक किसी ट्रेन में तैनाती नहीं
जांच के बाद दोनों टीटीई को तत्काल प्रभाव से वंदे भारत एक्सप्रेस की ड्यूटी से हटा दिया गया है और अब उन्हें टाटानगर रेलवे स्टेशन पर अस्थायी रूप से तैनात किया गया है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, इन पर किसी भी ट्रेन में ड्यूटी करने पर रोक लगा दी गई है।
धनबाद से रिपोर्ट, चक्रधरपुर में कार्रवाई
धनबाद रेल मंडल द्वारा बनाई गई विस्तृत रिपोर्ट चक्रधरपुर रेल मंडल को भेजी गई, जिसके आधार पर सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह मामला गंभीर है और आगे और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

