Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि उड़नदस्ता टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से कुल 6.08 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब तीन लाख 50 हजार रुपये है। यह कार्रवाई चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुट्टी के निर्देश पर की गई। जांच में सामने आया है कि गांजा की तस्करी पूरी तरह सुनियोजित तरीके से की जा रही थी और इसे रेल मार्ग के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की योजना थी।
गिरफ्तार दोनों आरोपित बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के रुपही टांड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। आरपीएफ ने सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपियों को बरामद गांजा के साथ आगे की कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

