
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र के बसंत टॉकीज के समीप मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक पत्थर से हमला कर एक ग्राहक को घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
घायल शत्रुघ्न गोप ने बताया कि वह मानगो के टैंक रोड का निवासी है और खरीदारी के लिए साकची बाजार आया था। बाजार में खरीदारी के दौरान वह नाश्ता करने के लिए एक चने की दुकान पर रुका था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उससे जबरन पैसे की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार किए जाने पर युवक उग्र हो गया और टाइल्स के नुकीले टुकड़े से हमला कर दिया।
हमले में शत्रुघ्न गोप के हाथ, पैर, गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी। बसंत चौक पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और क्षेत्र में आए दिन लोगों के साथ विवाद तथा मारपीट की घटनाओं को अंजाम देता रहता है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को अपना नाम बान्दर पात्रो बताया है। वह देव नगर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
फिलहाल साकची थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
Read Also:

