Jamshedpur : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास दो तेज रफ्तार बाइकें आपस में टकरा गई थीं। इस घटना में घायल दोनों बाइक सवारों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। दोनों बाइक सवारों ने दम तोड़ दिया है।
जुगसलाई के रहने वाले एक बाइक सवार का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत के बाद सुंदरनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताते हैं कि यह सड़क हादसा 11 दिसंबर को हुआ था। इनमें से एक बाइक सवार का नाम मोहम्मद अरबाज है। वह जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे हालत गंभीर होने पर रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया था। रिम्स में मोहम्मद अरबाज ने शुक्रवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मोहम्मद अरबाज की मां राबिया के आवेदन पर सुंदरनगर थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
परिजनों ने बताया कि दूसरे बाइक सवार की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। दूसरा बाइक सवार ओडिशा के मयूरभंज जिले के बड़ासिया गांव का रहने वाला था। उसका नाम नरसिंह हेंब्रम था। सड़क हादसे में घायल होने के बाद परिजन उसे लेकर ओडिशा गए थे और मयूरभंज के अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उसने दम तोड़ दिया है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। यहां वाहन चालक तेजी से गाड़ी चलाते हैं। साल 2011 में ट्रैफिक पुलिस ने स्पीड लिमिट योजना बनाई थी। लेकिन, यह योजना कागजों पर ही दम तोड़ गई। सड़क पर नहीं उतर पाई। हालांकि, इस योजना के लिए जिला प्रशासन ने कई बैठकें की थीं।

