Jamtara (Jharkhand) : झारखंड के जामताड़ा जिले के अजंता चौक स्थित एक आभूषण दुकान में बुधवार की शाम लूट की वारदात के विरोध में गुरुवार को शहर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों बंद रखा। इस दौरान सभी व्यापारी एकजुट होकर बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे और घटना के खिलाफ विरोध जताया।

जिला प्रशासन को व्यापारियों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
व्यापारियों का कहना है कि आज प्रतीकात्मक रूप से दुकानें बंद कर प्रशासन को चेताया जा रहा है। अगर, जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारी शहर में घूम-घूमकर अन्य दुकानदारों से भी प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए।
दुकानदार के पेट व गर्दन में अभी भी फंसी है गोली
गौरतलब है कि बुधवार शाम बालाजी ज्वैलर्स नामक आभूषण दुकान में चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट के दौरान अपराधियों ने दुकान संचालक को दो गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पेट और गर्दन में गोली फंसी हुई है, जिसका ऑपरेशन गुरुवार को किया जाना है।
जामताड़ा शहर में दहशत व व्यापारियों में आक्रोश
घटना के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। लोग कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

