जमशेदपुर: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन 2026 के पहले चरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2025 है। अभी तक आवेदन न कर पाने वाले अभ्यर्थियों के पास मात्र एक दिन का समय बचा है। पहले चरण की परीक्षा 21 से 30 जनवरी 2026 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में होगी। इस चरण का परिणाम 12 फरवरी 2026 तक घोषित कर दिया जाएगा। दूसरे चरण में शामिल होने वाले छात्रों को जनवरी के अंतिम सप्ताह से पुनः पंजीकरण का अवसर मिलेगा। दूसरा चरण 1 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित होगा। दोनों चरणों के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के आधार पर अंतिम रैंकिंग एवं परिणाम 20 अप्रैल 2026 तक जारी कर दिया जाएगा।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी – पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या 299 से बढ़ाकर 323 कर दी गई है। झारखंड के छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि राज्य में छह शहरों – जमशेदपुर, रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग तथा रामगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इससे अभ्यर्थियों को यात्रा में होने वाली परेशानी कम होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बिना देर किए आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर आवेदन पूर्ण कर लें। गलत या अधूरा आवेदन बाद में सुधार का अवसर सीमित रहेगा।
गड़बड़ी रोकने के लिए सिस्टम दुरुस्त होगा:
इस बार जब छात्र ऑनलाइन फॉर्म भरेंगे और अपना स्थायी व वर्तमान पता दर्ज करेंगे, तो उसी आधार पर परीक्षा शहरों की सूची दिखाई देगी। छात्र को इन शहरों में से अधिकतम चार शहरों को अपनी पसंद के तौर पर चुनना होगा। एनटीए का कहना है कि इस नई व्यवस्था से गलतियों की संभावना कम होगी और छात्रों को अपने घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस बार एनटीए ने एग्जाम में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए सिस्टम को चुस्त-दुरुस्त करने की कोशिश भी की है। एनटीए ने 2026 के एग्जाम में यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि कैंडिडेट को उसकी पसंद के शहर में ही एग्जाम सेंटर मिले।
सख्ती बरतते हुए NTA ने बदला प्रवेश समय, गेट आधे घंटे पहले होंगे बंद
जेईई मेन 2026 परीक्षा में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों के गेट निर्धारित समय से आधे घंटे पहले बंद कर दिए जाएंगे। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसी तरह दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक ही गेट खुले रहेंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें ताकि प्रवेश, सत्यापन और सुरक्षा जांच में देरी न हो। देरी से पहुंचने पर परीक्षा से वंचित होना पड़ेगा। इस नियम का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रहेगी।

