जमशेदपुर : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित जेईई मेन 2025 सेशन-1 के पेपर-1 बीई बीटेक की परीक्षा बुधवार से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। जमशेदपुर के आयन डिजिटल व तामोलिया स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई। ऑनलाइन आयोजित हुई इस परीक्षा में पहले दिन 900 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। यह परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक संचालित हुई। वहीं दूसरी पाली दोपहर 03 बजे से शुरू होकर शाम 06.30 बजे तक परीक्षा चली। जमशेदपुर के दोनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक व कदाचारमुक्त ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा केंद्र में इंट्री देने से पहले छात्रों की गहन जांच की गयी। विद्यार्थियों को क्यूआर कोड फ्रिस्किंग और बायोमीट्रिक जांच के बाद एग्जाम सेंटर में एंट्री दी गई। इस दौरान उनके जूता से लेकर कॉलर तक चेक किया गया। एडमिट कार्ड, आईडी, पेज व पानी बोतल के अलावा कुछ भी अंदर नहीं ले जाने दिया गया। इस दौरान केंद्र के अंदर व बाहर सुरक्षा का व्यापक प्रबंधन किया गया था। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही केंद्रों को बंद कर दिया गया।
फिजिक्स ने किया परेशान
पहले दिन की परीक्षा देकर निकले छात्रों ने कहा कि पेपर में फिजिक्स का सेक्शन मुश्किल था। बहुत से विद्यार्थियों ने कहा कि मैथ्स का सेक्शन काफी लंबा था। एग्जाम देकर निकले मनोज कुमार ने बताया कि केमिस्ट्री व फिजिक्स के कई प्रश्न सीधे- सीधे थे, जबकि कई सवाल टेढ़े थे। फिजिक्स के प्रश्न पिछले साल से मुश्किल थे। आयन डिजिटल में परीक्षा देने वाले रोहित कुमार ने कहा कि मेरा पेपर अच्छा गया, अब रिजल्ट का इंतजार है।
कल भी होगी परीक्षा
जेईई मेन पहले सेशन के पेपर-1 की बात करें तो यह 22, 23 और 24 जनवरी के साथ ही 28 और 29 जनवरी को होगी। जबकि, पेपर-टू बी.आर्क और बी-प्लानिंग के लिए परीक्षा 30 जनवरी को दोपहर तीन बजे से 6 बजे तक ली जाएगी।

