Home » GST Fraud Case : 200 करोड़ के जीएसटी घोटाले में लोहा कारोबारी गिरफ्तार

GST Fraud Case : 200 करोड़ के जीएसटी घोटाले में लोहा कारोबारी गिरफ्तार

GST Fraud Case : सेंट्रल जीएसटी की जमशेदपुर यूनिट ने मेडिकल कराने के बाद प्रमोद अग्रवाल को भेजा जेल

by Birendra Ojha
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : करीब 200 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले में जमशेदपुर से गई डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम ने डाल्टेनगंज से लोहा कारोबारी प्रमोद अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पटना जोनल यूनिट के अतिरिक्त महानिदेशक ज्योति कुमार बुगुना के निर्देश और अतिरिक्त निदेशक सार्थक सक्सेना के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कारोबारी को गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे जमशेदपुर लाया गया। यहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद शुक्रवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इससे पहले डीजीजीआइ की टीम ने डाल्टेनगंज में कारोबारी के कई ठिकानों पर लगातार तीन दिनों तक छापेमारी की थी। जांच-पड़ताल में टीम को इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित फर्जी बिलिंग और लेन-देन से जुड़े कई अहम सबूत मिले। टीम को करोड़ों की टैक्स चोरी मामले में अन्य लोगों के बारे में भी पता चला। अंत में कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जमशेदपुर में कारोबारी को पहले साकची के आमबगान एरिया स्थित डीजीजीआई के कार्यालय में लाया गया। यहां अधिकारियों ने उससे काफी देर तक पूछताछ की और उसका बयान डिजिटली रिकॉर्ड भी किया गया।

सेंट्रल जीएसटी की इंटेलीजेंस टीम के अनुसार, शुरुआती जांच में फर्जी बिलिंग नेटवर्क का दायरा काफी बड़ा दिख रहा है। इसमें कई फर्मों और कारोबारियों की संलिप्तता का पता चल रहा है। इस मामले में अभी कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं। टीम को जो भी दस्तावेज मिले हैं, उसकी गहन जांच की जा रही है।

Read Also: Jamshedpur Women’s University Corruption : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में पैसे के बल पर पास-फेल का खेल, लोकभवन ने बनाई जांच कमेटी

Related Articles