Home » Chaibasa News : शाम को घर लौटा भाई, बहन को फंदे पर झूलता देख उड़ गए होश

Chaibasa News : शाम को घर लौटा भाई, बहन को फंदे पर झूलता देख उड़ गए होश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

by Rakesh Pandey
Chaibasa News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदमारी गांव में एक युवती की ओर से आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घर में अकेली रहने वाली युवती ने कथित तौर पर कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान सिया कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घर लौटने पर भाई ने देखा बहन का शव

मृतका के बड़े भाई विशाल राम के अनुसार गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे। वह सुबह काम के लिए घर से निकले थे। शाम करीब छह बजे जब वह वापस लौटे तो घर के कमरे में बहन को पंखे से लटके हुए देखा। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल बहन को फंदे से नीचे उतारा और परिजनों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार को नहीं पता आत्महत्या की वजह

परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि सिया कुमारी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। परिवार के अनुसार घर में किसी प्रकार का विवाद, तनाव या अन्य गंभीर समस्या की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद परिवार के सदस्य सदमे में हैं और आत्महत्या के पीछे की वजह को लेकर हैरान हैं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कभी ऐसी किसी परिस्थिति की आशंका नहीं जताई थी।

अधिकांश समय घर में अकेली रहती थी युवती

परिवार की परिस्थितियों के बारे में जानकारी देते हुए विशाल राम ने बताया कि उनके पिता संजीत राम का पहले ही निधन हो चुका है। मां मजदूरी और अन्य कामकाज के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहती हैं। वहीं वह स्वयं टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जिसके कारण दिनभर घर से बाहर रहना पड़ता है। इसके अलावा उनकी पत्नी भी पिछले करीब दो महीने से मायके में रह रही है। ऐसे में सिया कुमारी अधिकांश समय घर में अकेली रहती थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read Also- Jamshedpur News : प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 340 परिवारों को मिला अपना घर, मोहरदा आवासीय परिसर में हुआ गृह प्रवेश

Related Articles

Leave a Comment