
Jamshedpur : वर्षों से अपने घर का सपना देख रहे 340 परिवारों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में शुक्रवार को लाभुकों को उनके नए आशियाने की चाबी सौंप दी गई। चाबी मिलते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकने लगा तथा पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
गृह प्रवेश कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस मौके पर विद्युत वरण महतो और पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर नए घरों में विधिवत गृह प्रवेश कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
मोहरदा आवासीय परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैट बनाए गए हैं। इनमें से 340 लाभुकों ने बैंक में निर्धारित राशि जमा कर आवंटन की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं। इसके बाद पहले चरण में उन्हें फ्लैट की चाबी सौंपी गई। शेष पात्र लाभुकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी चरणों में आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू हुई थी। हालांकि प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में देरी हुई, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद इसका लाभ लोगों को मिलने लगा है। योजना के तहत निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
नए घर की चाबी पाने वाले लाभुकों ने बताया कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में रह रहे थे और अपने घर का सपना संजोए हुए थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए उनका यह सपना साकार हुआ है। उनका कहना है कि अब उन्हें न केवल स्थायी और सुरक्षित आवास मिला है, बल्कि परिवार को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।
गृह प्रवेश के दौरान कई परिवारों ने अपने नए घरों में पूजा-पाठ कर नई शुरुआत की। लाभुकों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराए जाएंगे।
Read Also- Coal Mining: अवैध खनन और ब्लास्टिंग से जमीन में समा गई 50 फीट मुख्य सड़क; 30 गांवों का संपर्क टूटा

