
चाईबासा : प्रोजेक्ट जागृति “बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अभियान के तहत आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम ने बुधवार को “रन फॉर योगा” कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर से हुआ और यह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान, चाईबासा में संपन्न हुआ।
अधिकारी-कर्मचारी और युवाओं ने लिया हिस्सा
‘रन फॉर योगा’ में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा युवा वर्ग ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्लोगन, पोस्टर एवं होर्डिंग के माध्यम से शहरवासियों को योग अपनाने का संदेश दिया। पूरे रास्ते योग से जुड़े नारों से माहौल सकारात्मक रहा।
डीडीसी ने दिलाई योग की शपथ
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं गणमान्यजनों को नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
योग की मानसिक आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका : डीडीसी
उप विकास आयुक्त ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपसमाहर्ता नजारत, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन ने 21 जून को अधिक से अधिक लोगों को योग कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान किया।

