आदित्यपुर : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला में आदित्यपुर थाना पुलिस ने तीन बड़ी चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन घटनाओं में चोरी किए गए मोटर पंप, लोहे की बीम, एंगल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए सामान भी रिकवर किए हैं।
कमसा स्टील से आठ लाख के मोटर पंप की चोरी
13 जनवरी को आदित्यपुर थाना में दर्ज एक मामले में, कमसा स्टील प्राइवेट लिमिटेड से लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के 15 मोटर पंप चोरी किए गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और चोरी गए पंपों को नंद किशोर भारती उर्फ नंदु के टाल से बरामद किया।
लाजिस्टिक प्लांट से लोहे की बीम और एंगल चोरी
विगत 31 जुलाई को लाजिस्टिक प्लांट से लोहे की बीम और एंगल चोरी किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त मनोज मोदी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सामानों को बरामद किया।
प्रिफेब्स बिहार प्राइवेट लिमिटेड से चोरी
25 सितंबर 2024 को दर्ज कांड संख्या 359/34 के तहत प्रिफेब्स बिहार प्राइवेट लिमिटेड से मोटर और अन्य सामानों की चोरी हुई थी। पुलिस ने सूरज बोदरा, तिरुप बारला उर्फ गोमया बारला, और बिट्टू बारला को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सामानों को बरामद किया।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नंद किशोर भारती, सुकरू मुखी, शेरू मुखी, सुमित मुखी, आकाश सिंह, विकास यादव, संजय राम, अनंतो प्रधान, मनोज मोदी, सूरज बोदरा, तिरुप बारला उर्फ गोमया बारला, और बिट्टू बारला शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था। इस दल में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।

