Jamshedpur : झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में नामांकन के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड कंबाइंड एंट्रेंस कंपीटीटिव एग्जामिनेशन बोर्ड ( जेसीईसीईबी) ने सत्र 2026-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी सात अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि पहले यह तिथि 25 मार्च निर्धारित थी। बोर्ड द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे। इसके अलावा, आवेदन में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 8 और 9 अप्रैल को करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
10 मई को आयोजित होगी प्रवेश परीक्षा
प्रवेश परीक्षा 10 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
कई शहरों में बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
झारखंड कंबाइंड एंट्रेंस कंपीटिटिव एग्जामिनेशन बोर्ड ( जेसीईसीईबी ) द्वारा आयोजित बीएड, एमएड और बीपीएड प्रवेश परीक्षा राज्य के विभिन्न प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा के परीक्षा केंद्र शामिल हैं, ताकि अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिल सके।
14 हजार सीटाें पर हाेगा नामांकन
इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों में लगभग 14 हजार सीटों पर नामांकन किया जाएगा। इसमें झारखंड के विश्वविद्यालयों से स्नातक पास अभ्यर्थियों के लिए 85 प्रतिशत सीटें आरक्षित रखी गई हैं, जबकि शेष 15 प्रतिशत सीटें ओपन कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए निर्धारित हैं।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

