Home » JHARKHAND NEWS: मुख्यमंत्री ने ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर की बैठक, भड़काऊ गाने बजाने पर होगी कार्रवाई

JHARKHAND NEWS: मुख्यमंत्री ने ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर की बैठक, भड़काऊ गाने बजाने पर होगी कार्रवाई

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के डीसी, एसएसपी, एसपी से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की ली जानकारी

by Vivek Sharma
RANCHI: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पर्वों पर सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए उच्च स्तरीय बैठक कर पुलिस-प्रशासन को सख्त निर्देश दिए।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राज्य में आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर राज्य के सभी जिलों के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों से विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और पर्व के दौरान तैयारियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्वों के दौरान अशांति या उपद्रव करने वालों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहे।

पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती और इनफॉर्मर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे कि किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचे। संवेदनशील इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा कड़ी होनी चाहिए और सभी समुदायों का सहयोग लिया जाए। जुलूस और शोभा यात्रा के दौरान भीड़-भाड़ वाले इलाके और जुलूस मार्ग की विशेष निगरानी हो। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भड़काऊ और उत्तेजक गानों पर हर हाल में रोक हो। प्री-रिकॉर्डेड गानों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जुलूस मार्ग में बनेगा सेफ जोन

उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग में सेफ जोन बनाए जाए ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाए। पूरे शोभा यात्रा का पूरा डॉक्यूमेंटेशन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था हो। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी का भी निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी सुरक्षा उपकरण जैसे फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, दंगा रोधी वाहन और वाटर कैनन तैयार रखने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा झंडों की लंबाई संबंधी उच्च न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड में रहे और किसी भी प्रकार की समस्या तुरंत हल की जाए।

इनकी रही मौजूदगी

इस बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, एडीजी ऑपरेशन टी कंडास्वामी, आईजी स्पेशल ब्रांच प्रभात कुमार, आईजी ऑपरेशन माइकल राज और आईजी प्रोविजन मयूर पटेल उपस्थित थे।

READ ALSO: Dhanbad News: बीआइटी सिंदरी के पूर्व छात्र अजय कुमार नंद बने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर

Related Articles