लातेहार । लातेहार पुलिस ने गुरुवार को भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। तलाशी के क्रम में ट्रक में लदे मवेशियों के चारे वाले बोरे को जब पुलिस ने खोला तो वह भी अवाक रह गई। इसमें पैकेट बनाकर गांजा रखा गया था। एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक में कुछ मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
तलाशी के बाद पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत करोड़ में हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
लातेहार सदर थाना के कोमो जंगल के पास संदिग्ध हालत में खड़ा था ट्रक
एसपी को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के कोमो जंगल के पास मुख्य पथ पर एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। एसपी के निर्देश पर अंचल अधिकारी नंदकुमार राम और पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई और वाहन की जांच की गई।
ट्रक में बोरियों में भरकर मवेशियों को खाने वाला चारा रखा हुआ था। जब बोरियों को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर पैकेट में बंद गांजा बरामद हुए। पुलिस द्वारा जब सभी बोरियों को खोला गया तो लगभग 150 पैकेट से अधिक गांजा बरामद किया गया।
पुलिस पूरे मामले की कर रही छानबीन
इस संबंध में पूछने पर लातेहार एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ट्रक की जांच की गई तो उसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। छानबीन पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गांजा कहां से आ रहा था और इसे कहां भेजा जा रहा था।
बताया जा रहा है कि ट्रक रांची से पलामू की ओर जा रहा था। ट्रक में लगभग 200 पेटियों में गांजा पैक किया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इसमें बड़े अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का हाथ तो नहीं है।
Read Also:

