Home » Chief Election Commissioner : देवघर में बूथ स्तरीय अधिकारियों से मुखातिब हुए CEC ज्ञानेश कुमार, बोले-शुद्ध मतदाता सूची की आधारशिला हैं BLO

Chief Election Commissioner : देवघर में बूथ स्तरीय अधिकारियों से मुखातिब हुए CEC ज्ञानेश कुमार, बोले-शुद्ध मतदाता सूची की आधारशिला हैं BLO

by Mujtaba Haider Rizvi
Chief Election Commissioner
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Devghar : भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि जैसे लोकतंत्र की मजबूती शुद्ध मतदाता सूची पर निर्भर करती है, वैसे ही शुद्ध मतदाता सूची की गुणवत्ता इसे तैयार करने वाले बीएलओ पर टिकी होती है। उन्होंने साफ किया कि देश भर में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के विभिन्न चरण चल रहे हैं और झारखंड में भले ही अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन यहां बीएलओ की तैयारी यह बताती है कि “कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से न छूटे” का टार्गेट जरूर प्राप्त किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त सोमवार को देवघर के तपोवन स्थित श्री श्री मोहनानंद +2 विद्यालय में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने बीएलओ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि घर-घर जाकर सत्यापन करने वाले बीएलओ चुनाव आयोग की आंख और कान हैं। आयोग द्वारा बीएलओ को पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाने से अब उन्हें डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन में किसी तरह की असुविधा नहीं होती।

संवाद कार्यक्रम के दौरान देवघर जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों के बीएलओ ने गहन पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं पर प्रस्तुति दी। बीएलओ प्रमिला यादव ने पुनरीक्षण की आवश्यकता, गुलशन परवीन ने आयु आधारित A, B, C, D कैटेगरी में मतदाताओं के वर्गीकरण, गीता कुमारी और दीपम कुमारी ने मैपिंग और उसके आठ चेकपॉइंट, राखी देवी और संगीता देवी ने घरों के नोशनल नंबर, जबकि कुमारी प्रिया ने फॉर्म 6, 7 और 8 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। बीएलओ रजिया खातून ने महिला मतदाताओं की सही मैपिंग पर विशेष जोर दिया।

बीएलओ की स्पष्ट समझ और तैयारी से प्रभावित होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि देवघर के बीएलओ को जल्द ही नई दिल्ली स्थित IIIDEM में विशेष प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

संवाद कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में श्री ज्ञानेश कुमार ने बताया कि देवघर और दुमका प्रवास के दौरान उन्हें बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन का सौभाग्य मिला। साथ ही बीएलओ से संवाद कर यह विश्वास हुआ कि झारखंड में गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा होने पर इसे पारदर्शी और सुगम तरीके से पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने गहन पुनरीक्षण के सभी चरणों—इन्यूमरेशन फॉर्म, प्रारूप प्रकाशन, क्लेम-ऑब्जेक्शन, नोटिस पीरियड, एईआरओ और ईआरओ स्तर की सुनवाई तथा जिला निर्वाचन पदाधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर अपील की प्रक्रिया—की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के रवि कुमार, उपायुक्त देवघर नमन प्रियेश लकड़ा, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Read Also- Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar : लोकतंत्र के प्रहरी ज्ञानेश कुमार ने टेका बासुकीनाथ में शीश, महादेव से की मंगल कामना

Related Articles