Devghar: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र के उजवा जंगल में खजूर पेड़ के नजदीक कुछ संदिग्ध युवक साइबर ठगी की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना की टीम ने रेड कर मौके से तीनों साइबर बदमाशों को धर दबोचा।
इंक्वायरी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कुबूल किया कि वे फर्जी बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि और सरकारी पदाधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे। आरोपी पीएम किसान योजना में राशि दिलाने और कैशबैक का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से ओटीपी और बैंक से जुड़ी जानकारी हासिल कर फ्राड करते थे।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और शक होने पर फौरन साइबर थाना या हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराएं।

