रांची : वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को लेकर झारखंड सरकार ने राज्य के सभी उपायुक्तों, कोषागार और उप-कोषागार पदाधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। कोषागार निदेशालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 31 मार्च 2026 को महावीर जयंती के कारण सरकारी अवकाश रहेगा, इसलिए राज्य सरकार के लिए 30 मार्च को ही अंतिम कार्यदिवस माना जाएगा।
निदेशक संध्या गुप्ता ने इस संबंध में सभी विभागों को पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन होने वाले सभी भुगतान, ई-रसीद और कुबेर प्रणाली से जुड़े विपत्र 30 मार्च को निर्धारित समयसीमा के भीतर ही पारित करने की कहा है। यानी 31 मार्च के दिन के 3:00 बजे तक सभी विभाग अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं के विपत्र तैयार कर राशि की निकासी कर सकेंगे।
30 मार्च को कोषागारों में प्राप्त होने वाले सभी विपत्रों का उसी दिन निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। इसके लिए कोषागार और उप-कोषागार कार्यालयों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही लंबित बिल, भुगतान आदेश और सरकारी देनदारियों के निपटारे को प्राथमिकता देने को कहा गया है, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले सभी विभागों का लेखा-जोखा समय पर पूरा हो सके।

