रांची : झारखंड राज्य सूचना आयोग में रिक्त सूचना आयुक्त के पद पर जल्द नियुक्ति की जाएगी। हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में सूचना आयुक्त के नाम पर लगभग सहमति बन गई है। राज्य सरकार के निर्देश पर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने पांच नामों की सूची राजभवन की मंजूरी के लिए भेज दी है। इस सूची में वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, धर्मवीर सिन्हा, रांची विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक (अनुबंध) एवं पूर्व छात्र नेता तनुज खत्री, कांग्रेस नेता अमूल्य नीरज खलखो तथा भाजपा प्रवक्ता शिवपूजन पाठक के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिनों में इन नामों पर राजभवन की सहमति मिल सकती है, जिसके बाद नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
बताया जाता है कि चयन समिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा जल संसाधन मंत्री हफीजुल अंसारी शामिल हैं। इस संबंध में बैठक मुख्यमंत्री आवास में आयोजित की गई थी।
इधर, झारखंड हाई कोर्ट में भी राज्य सरकार ने पुनः शपथपत्र दाखिल कर कहा है कि 8 अप्रैल से पहले रिक्त पदों पर नियुक्ति कर दी जाएगी। वहीं, लोकायुक्त के पद पर भी जल्द नियुक्ति किए जाने की संभावना है।

