Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में नंदन टेंट डेकोरेटर के गोदाम में रविवार को दोपहर अचानक आग लग गई। गोदाम से धुआं निकलने पर लोगों ने गोदाम मालिक को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोदाम मालिक मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सभी ने मिलकर लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया।

बताया जा रहा है कि आग लगने की इस घटना में लगभग ₹ दो लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। टेंट का सारा सामान कुर्सी, मेज, इलेक्ट्रिक की सजावट का सामान आदि सब जल गए हैं।
इसके अलावा, शामियाना और पंडाल भी जलकर राख हो गया है। घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है। अब इस बात की जांच चल रही है कि आग कैसे लगी, प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी होगी।
गौरतलब है कि एक हफ्ते से आग लगने की घटनाओं में इजाफा हुआ है। शनिवार को ही बिरसानगर में टेंट के एक गोदाम में आग लग गई थी, जिसमें लगभग ₹ तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ।

