Jamshedpur : नालसा एवं झालसा के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में आज मंगलवार से 12 जनवरी तक सघन नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नालसा स्कीम 2025 (ड्रग फ्री इंडिया) के तहत आयोजित इस सप्ताहव्यापी अभियान का उद्देश्य नशे की जड़ पर प्रहार करते हुए समाज, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखना है।
अभियान की शुरुआत मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर की ओर से नशा उन्मूलन जागरूकता रैली एवं मोबाइल वैन के माध्यम से की गई। सिविल कोर्ट परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने नशा उन्मूलन रैली सह जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कोर्ट परिसर से निकलकर जेल चौक रोड, शीतला मंदिर चौक होते हुए पुनः कोर्ट परिसर में आकर संपन्न हुई।
रैली में फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह, पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश विमलेश कुमार सहाय, सीजेएम विशाल गौरव, सिविल जज सीनियर डिवीजन धर्मेंद्र कुमार, डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड काउंसिल, पैनल लॉयर्स, मीडियेटर, न्यायालय कर्मी, पीएलवी, पुलिस एवं सिविल सोसाइटी से जुड़े लोग शामिल हुए। रैली के दौरान आम लोगों के बीच जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और प्रतिभागियों ने हाथों में नशा उन्मूलन से जुड़े बैनर-पोस्टर लेकर “नशा से नाता तोड़ो, दिल से नाता जोड़ो” जैसे स्लोगन लगाए।
डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने न्याय सदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस अभियान के तहत 6 जनवरी को बिष्टुपुर स्थित पीएम मॉल, टाटानगर रेलवे स्टेशन, करानडीह सहित विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। 7 जनवरी को पीएलवी एवं सिविल सोसाइटी के सहयोग से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्कूल और कॉलेजों में नशा मुक्ति विषय पर लेखन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता कराई जाएगी। नशे के आदी चिन्हित लोगों को नशा मुक्ति केंद्र भेजकर सुधार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जबकि नशा छोड़ चुके लोगों के पुनर्वास की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान समय में युवा वर्ग नशे की चपेट में तेजी से आ रहा है, इसलिए युवाओं को केंद्र में रखकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
रैली के समापन के बाद डालसा सचिव ने न्याय सदन में अधिकार मित्रों (पीएलवी) के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और सभी को नशा नहीं करने की शपथ भी दिलाई।

