Jamshedpur : जमशेदपुर में नए साल के जश्न और साल के अंत में पिकनिक को देखते हुए जुबली पार्क में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक जुबली पार्क के दोनों गेट बंद रहेंगे।
अनुमंडल दंडाधिकारी, धालभूम ने इस संबंध में अस्थायी अनुमति प्रदान की है। यह निर्णय टाटा स्टील लिमिटेड के जनरल मैनेजर (टाउन ओएंडएम) आरके सिंह द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर लिया गया है। पत्र में बताया गया था कि हर वर्ष क्रिसमस से लेकर नए साल के पहले सप्ताह तक जुबली पार्क में न केवल स्थानीय लोग बल्कि अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने पहुंचते हैं।
अत्यधिक भीड़ के कारण पार्क परिसर और उससे सटी मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। भीड़ प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों गेट अस्थायी रूप से बंद रखने का अनुरोध किया गया था।
प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है और आदेश जारी होते ही इसे प्रभावी कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से ट्रैफिक नियंत्रण में मदद मिलेगी और संभावित हादसों को रोका जा सकेगा।
वहीं, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक पर्यटन स्थलों का चयन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।

