Jamshedpur : जुगसलाई थाना पुलिस ने इलाके के कुख्यात मनीष सिंह गिरोह के दो बड़े बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

जुगसलाई थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर थाना प्रभारी बैजनाथ ने शनिवार को बताया कि जो दो बदमाश पकड़े गए हैं। उनमें जुगसलाई थाना क्षेत्र के गौशाला नाला रोड पवट मोहल्ला का रहने वाला रोशन सिंह और इसी इलाके का दीपक सिंह हैं। दोनों खरकाई रेलवे ब्रिज के पास बैठकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहे थे। पुलिस को मुखबिर से यह सूचना मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक टीम बनाकर छापेमारी कर दी और दोनों बदमाशों को दौड़ा कर पकड़ लिया।
आर्म्स एक्ट में दर्ज किया गया है मामला
इन दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इनके पास से अभी रोशन सिंह के पास से एक देसी कट्टा, दो कारतूस व एक एंड्रॉयड फोन और दीपक सिंह के पास से दो कारतूस व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
लिखा-पढ़ी कर जेल भेजे गए दोनों बदमाश
पुलिस ने लिखा पढ़ी करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार ने बताया कि दीपक सिंह के खिलाफ जुगसलाई थाने में एक केस और सोनारी थाने में दो केस हैं। जबकि, रोशन सिंह के खिलाफ जुगसलाई थाना में एक केस दर्ज है।
Read also – Ranchi News : वोटर आईडी नहीं तो मत घबराएं, इन दस्तावेजों से भी कर सकेंगे मतदान

