Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 22 वर्षीय युवक अमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोमवार की रात करीब 12:05 बजे एमटीसी, शिक्षा निकेतन स्कूल के पास हुआ, जब युवक तेज़ बारिश में अपनी यामाहा आर15 बाइक (JH 05 DU 3191) से गुजर रहा था।
घटना की सूचना वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टेल्को थाना पुलिस ने युवक को टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अमन कुमार घोड़ाबांधा का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, बारिश के चलते सड़क फिसलन भरी हो गई थी, जिससे उसका बाइक पर से नियंत्रण हट गया और यह दुर्घटना हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की असली वजह जानने के लिए जांच जारी है। इस दुर्घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

