RANCHI: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को फरवरी माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले की 3 लाख 87 हजार 174 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 96 करोड़ 79 लाख 35 हजार रुपये भेजे गए हैं। इससे पहले जनवरी महीने की सम्मान राशि का भुगतान भी लाभुकों के खातों में किया जा चुका है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करना है।
फरवरी माह में अनगड़ा प्रखंड में 16,607, बेड़ो में 20,496, बुढ़मू में 17,737, चान्हो में 19,673, कांके में 31,443, मांडर में 22,984, सिल्ली में 21,045 और तमाड़ में 18,420 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा रांची के विभिन्न शहरी क्षेत्रों जैसे अरगोड़ा, बड़गाईं, हेहल, नामकुम और सदर क्षेत्र में भी हजारों महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी लाभुक को राशि प्राप्त करने में समस्या होती है तो उसका त्वरित समाधान किया जाएगा।

