Home » PESA Rules : हाईकोर्ट सख्त; सचिव को टाइम फ्रेम तय करने का आदेश, बालू-खनिज नीलामी पर रोक बरकरार

PESA Rules : हाईकोर्ट सख्त; सचिव को टाइम फ्रेम तय करने का आदेश, बालू-खनिज नीलामी पर रोक बरकरार

PESA Rules : पेसा नियमावली लागू नहीं होने से संबंधित अवमानना याचिका पर 9 सितंबर को खंडपीठ ने राज्य में बालू और लघु खनिज के आवंटन पर रोक लगा दी थी।

by Anand Kumar
High Court hearing on panam mining case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : झारखंड हाईकोर्ट ने पेसा नियमावली अब तक लागू नहीं करने पर कड़ी नाराजगी जताई है। चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार को अगले मंगलवार तक नियमावली लागू करने का टाइम फ्रेम तय करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

हाईकोर्ट अधिवक्ता धीरज कुमार ने बताया कि सुनवाई में सचिव की ओर से अदालत को अवगत कराया गया कि प्रस्ताव कैबिनेट में भेजा जा चुका है। याचिकाकर्ता की तरफ से अधिवक्ता अभिषेक रॉय, ज्ञानंत कुमार सिंह और अजीत कुमार ने दलीलें पेश कीं।

बालू और लघु खनिज नीलामी पर रोक जारी

पेसा नियमावली लागू नहीं होने से संबंधित अवमानना याचिका पर 9 सितंबर को खंडपीठ ने राज्य में बालू और लघु खनिज के आवंटन पर रोक लगा दी थी। सरकार ने 4 दिसंबर को रोक हटाने का आग्रह किया, लेकिन अदालत ने इनकार कर दिया। पूर्व सुनवाई में पीठ ने सचिव से पूछा था कि जनहित याचिका पर आदेश के 13 माह बीतने के बाद भी नियमावली क्यों नहीं लागू की गई।

पेसा एक्ट और विवाद

पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम-1996 (पेसा एक्ट) अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को विशेष अधिकार देता है, खासकर खनिज संसाधनों के प्रबंधन में। आदिवासी बुद्धिजीवी मंच की याचिका में तर्क है कि पेसा नियमावली लागू हुए बिना बालू-खनिज की नीलामी गैरकानूनी है, क्योंकि ग्राम सभा की सहमति अनिवार्य है। राज्य सरकार द्वारा नियमावली अधिसूचित करने के बाद ही ग्राम सभाएं प्रभावी हो सकती हैं। यह मामला आदिवासी अधिकारों और संसाधन प्रबंधन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।

Read Also: RANCHI NAGAR NIGAM : 23 लाख किराया नहीं चुकाने पर निगम ने कर दी दुकान सील, जानें फिर क्या हुआ

Related Articles