जमशेदपुर : उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को जिला खनन विभाग ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में तिरुलडीह और ईचागढ़ थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध बालू और मशीनरी जब्त की गई।

तिरुलडीह थाना अंतर्गत मौजा सपादा और सिरकाडीह में निरीक्षण के दौरान करीब 1,10,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण पकड़ा गया। इसे विधिवत जब्त कर लिया गया। इसी क्षेत्र के सिरकाडीह में मिट्टी खनिज का अवैध उत्खनन करते एक जेसीबी मशीन को भी सीज कर थाना के सुपुर्द किया गया।
वहीं, ईचागढ़ थाना क्षेत्र में मौजा सोड़ो जारगोडीह में भी कार्रवाई करते हुए लगभग 45,000 घनफीट अवैध बालू भंडारण जब्त किया गया। विभाग ने बताया कि जब्त खनिजों की शीघ्र ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसके अलावा, पूर्वाह्न में नीमडीह थाना क्षेत्र के मौजा झीमडी स्थित लाल टुंगरी (एकलव्य विद्यालय परिसर) का निरीक्षण किया गया, जहां लौह अयस्क के अवैध उत्खनन के तीन बड़े गड्ढे पाए गए। इस मामले में दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
उपायुक्त ने साफ निर्देश दिया है कि जिले में किसी भी स्थान पर खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

