
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में टाटा-रांची मुख्य मार्ग पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग बाल-बाल बच गए। विनोद बिहारी घोड़ा नेगी चौक पर ट्रक की टक्कर से इनोवा कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों घटनाओं में किसी की मौत नहीं हुई।
ब्रेकर के कारण धीमी हुई इनोवा, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
विनोद बिहारी घोड़ा नेगी चौक पर सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे एक ट्रक ने इनोवा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार में चार लोग सवार थे, जो रांची एयरपोर्ट से जमशेदपुर जा रहे थे। हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
गौरतलब है कि सड़क पर बने ब्रेकर के कारण इनोवा चालक ने गाड़ी की गति धीमी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। दोनों वाहन रांची से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा का पिछला हिस्सा दब गया। कार चालक ने बताया कि उसे वाहन की क्षतिपूर्ति का खर्च चाहिए, इसके अलावा उसकी कोई मांग नहीं है। बताया गया कि दोनों वाहन चालकों के बीच आपसी समझौता हो गया। हादसे के बाद यात्री भयभीत दिखे और दूसरी कार बुलाकर जमशेदपुर रवाना हो गए। पुलिस को घटना की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अधिक संख्या में ब्रेकर होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज पर कार के उड़े परखच्चे, एयरबैग ने बचाई पांच युवकों की जान
चांडिल थाना क्षेत्र में कांदरबेड़ा और रामगढ़ के बीच स्थित हाथी कॉरिडोर ओवरब्रिज पर रविवार रात भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन एयरबैग खुलने के कारण उसमें सवार पांच युवक गंभीर चोटों से बच गए। सभी को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
बताया गया कि जमशेदपुर के सिदगोड़ा इलाके के रहने वाले पांच युवक कार से पारडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर काफी दूर तक घूमती रही और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसमें सवार युवकों के संबंध में जानकारी जुटाई। वहीं, टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन की पहचान के लिए जांच कर रही। गौरतलब है कि रांची-टाटा नेशनल हाईवे 33 पर स्पीड कैमरे लगने हैं। इस काम में कोताही बरती जा रही है। इसी वजह से इस रोड पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

