
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के ऐतिहासिक पोटरखोली श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले पर सोमवार को मूसलाधार बारिश का साया पड़ गया। लगातार हुई तेज बारिश से मेला परिसर में जगह-जगह पानी भर गया और कीचड़ हो गया, जिससे मेले का आनंद लेने पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम के समय बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे मेला घूमने पहुंचे थे। झूलों, खिलौनों, चाट-पकौड़ों की दुकानों और अन्य आकर्षणों को लेकर लोगों में काफी उत्साह था, लेकिन अचानक हुई झमाझम बारिश ने उनके उत्साह पर पानी फेर दिया। कई लोगों को अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर मायूस होकर लौटना पड़ा।
मेला परिसर में कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन बाधित हो गया। फिसलन भरी जमीन पर लोगों को चलने में दिक्कत हुई, वहीं छोटे बच्चों के साथ आए परिवारों को ज्यादा परेशानी हुई। बारिश के कारण कई झूले भी कुछ देर के लिए बंद करने पड़े।
बारिश के कारण ग्राहकों की संख्या घटी, दुकानदारों को कारोबार पर असर पड़ने की आशंका
इधर, मेले में दुकानें सजा कर बैठे दुकानदारों के चेहरे पर भी चिंता देखी गई। बड़ी संख्या में दुकानदारों ने इस ऐतिहासिक मेले में अपनी दुकानें लगाई हैं और उन्हें अच्छी बिक्री की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के कारण ग्राहकों की संख्या घट गई। दुकानदारों को कारोबार पर असर पड़ने की आशंका सता रही है।
रविवार तक चलेगा जन्माष्टमी मेला
स्थानीय लोगों ने बताया कि पोटरखोली का यह जन्माष्टमी मेला काफी प्रसिद्ध है और दूर-दूर से लोग यहां आते हैं। सोमवार को अवकाश होने के कारण भीड़ ज्यादा होने की उम्मीद थी, लेकिन बारिश ने रंग में भंग डाल दिया। हालांकि राहत की बात है कि यह मेला रविवार तक चलेगा, इसलिए लोगों को अभी और दिन मेला घूमने का मौका मिलेगा। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा तो मेला फिर से गुलजार होगा।

