जमशेदपुर : झारखंड के सभी सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालयों (+2 स्कूलों) में कार्यरत स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों (PGT) का स्थानांतरण शुरू हो गया है। शिक्षा विभाग ने शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2019 (यथासंशोधित) के प्रावधानों के तहत यह प्रक्रिया आरंभ की है।
इच्छुक शिक्षक 24 नवंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक Teacher Transfer Portal पर ऑनलाइन अपनी पसंद का विद्यालय, जिला या स्थान चुन सकेंगे। यह आवेदन केवल प्राथमिकता जानने के उद्देश्य से है ताकि यथासंभव शिक्षकों की इच्छा का सम्मान किया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य नहीं है। आवेदन न करने वाले अर्ह शिक्षकों का भी नियमावली के अनुसार स्थानांतरण किया जाएगा। केवल आवेदन करने से स्थानांतरण का कोई अधिकार नहीं बनेगा। अंतिम निर्णय पूरी तरह नियमावली के प्रावधानों के आधार पर विभाग द्वारा लिया जाएगा। शिक्षकों से अनुरोध है कि निर्धारित अवधि में पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी प्राथमिकता अवश्य दर्ज करें, ताकि उनकी इच्छा पर समुचित विचार हो सके।
10 साल से एक ही विद्यालय में पदस्थापित हैं शिक्षक
अगर जिले के प्लस टू उवि व हाईस्कूलों की बात करें तो यहां शिक्षक 10-10 साल से एक ही विद्यालय में पदस्थापित हैं। कई स्कूलों में छात्र अनुपात में शिक्षकों की संख्या अधिक है वहीं अधिकतर शिक्षक शहरी क्षेत्र के स्कूलों में हैं। ऐसे में इस स्थानांतरण प्रक्रिया से गांव के शिक्षक शहर व शहर के शिक्षकों को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में भेजा जाएगा।
प्रतिनियोजित शिक्षक भेजे जाएंगे अपने मूल विद्यालय
इस स्थानांतरण से पहले प्रतिनियोजन पर कार्यरत शिक्षकों का प्रतिनियोजन समाप्त करते हुए उन्हें उनके मूल विद्यालय भेजा जाएगा। शहर के स्कूलों में ऐसे तीन दर्जन से अधिक शिक्षक हैं जिनकी नियुक्ति किसी और विद्यालय में हुई है। लेकिन उन्होंने पैरवी के दम पर अपना प्रतिनियोजन शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में करा लिया।

