रांची : राष्ट्रीय उच्च पथ पर सफर करने वाले वाहन चालकों को 31 मार्च 2026 को रात 12 बजे बाद से अधिक टोल टैक्स देना होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने झारखंड के प्रमुख टोल प्लाजा के लिए नई दरें तय कर दी हैं, जिसके बाद निजी वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक सभी श्रेणियों में शुल्क बढ़ जाएगा। नई दरों का असर रांची, जमशेदपुर, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू, गुमला और आसपास के मार्गों पर चलने वाले हजारों वाहन चालकों पर पड़ेगा। राज्य के अन्य टोल प्लाजा में टोल टैक्स तय किया गया है।
सबसे अधिक आवाजाही वाले पुंदाग टोल प्लाजा में कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन के लिए एकल यात्रा 135 रुपये तथा 24 घंटे के भीतर वापसी पर 200 रुपये तय किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बस के लिए 215 रुपये, बस और दो धुरी वाले ट्रक के लिए 455 रुपये तथा भारी मशीनरी वाहनों के लिए 710 रुपये देना होगा। बड़े आकार के वाहनों के लिए यह दर 865 रुपये तक पहुंचेगी।
पूर्वी सिंहभूम जिला के कोकपाड़ा टोल प्लाजा में कार और हल्के वाहनों के लिए एकल यात्रा 110 रुपये तथा वापसी 165 रुपये होगी। वहीं बस और दो धुरी वाले ट्रक के लिए 375 रुपये, भारी मशीनरी वाहन के लिए 590 रुपये और बड़े वाणिज्यिक वाहनों के लिए 720 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
एदलहातू टोल प्लाजा पर कार चालकों को 125 रुपये और वापसी पर 185 रुपये चुकाने होंगे। मिनी बस के लिए 200 रुपये, बस और ट्रक के लिए 415 रुपये तथा भारी मशीनरी के लिए 650 रुपये तय किए गए हैं।
मांडर टोल प्लाजा में कार, जीप और हल्के मोटर वाहन के लिए एकल यात्रा 80 रुपये तथा वापसी 115 रुपये होगी। वहीं हल्के मालवाहक वाहनों के लिए 125 रुपये और बसों के लिए 265 रुपये तय किए गए हैं।
पाटा टोल प्लाजा पर नई दरें
यह टोल प्लाजा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 23 पर किमी 226.210, ग्राम पाटा, जिला सरायकेला-खरसावां में है। नई अधिसूचना के अनुसार यहां से गुजरने वाले सभी श्रेणी के वाहनों को संशोधित दरों के अनुसार शुल्क देना होगा।
नई दरों के तहत कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन के लिए एकल यात्रा शुल्क 25 रुपये तथा एक दिन के भीतर वापसी यात्रा के लिए 40 रुपये तय किया गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के मालवाहक वाहन या मिनी बस के लिए एकल यात्रा 40 रुपये और वापसी यात्रा 60 रुपये होगी।
बस या दो धुरी वाले ट्रक के लिए एकल यात्रा 85 रुपये तथा वापसी यात्रा 130 रुपये निर्धारित की गई है। तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 95 रुपये और वापसी पर 140 रुपये देने होंगे। भारी निर्माण मशीनरी, अर्थ मूविंग उपकरण और 4 से 6 धुरी वाले बहुधुरीय वाहनों के लिए 135 रुपये तथा वापसी यात्रा पर 200 रुपये शुल्क तय किया गया है। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के करीब रहने वाले लोगों को राहत दी गई।
पतराचोली टोल प्लाजा
रांची-पिस्का मोड़-पलमा मार्ग पर स्थित पतराचोली टोल प्लाजा राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर स्थित है।
नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों के लिए एकल यात्रा शुल्क 35 रुपये तय किया गया है, जबकि एक दिन के भीतर वापसी यात्रा के लिए 55 रुपये देने होंगे। ऐसे वाहनों का मासिक पास 1100 रुपये का होगा और जिले में पंजीकृत वाहनों के लिए एकल यात्रा शुल्क 15 रुपये रखा गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहन, मिनी बस और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए एकल यात्रा 65 रुपये तथा वापसी यात्रा 80 रुपये होगी। बस या दो धुरी वाले ट्रक के लिए 110 रुपये, तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 120 रुपये और भारी निर्माण मशीनरी व बहु-धुरी वाहनों के लिए 190 रुपये तक शुल्क निर्धारित किया गया है।
सात या उससे अधिक धुरी वाले बड़े वाहनों के लिए एकल यात्रा शुल्क 215 रुपये और वापसी यात्रा 320 रुपये तय किया गया है।
Read Also: Jamshdpur News : दुकानदारों की मांग पर फंसी JNAC… न उगलते बन रहा है… न निगलते

