Dhanbad : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है, जहां नकाबपोश अपराधियों ने रिटायर्ड आर्मी हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर धावा बोल दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
गौरतलब है कि करीब दस की संख्या में आए बदमाशों ने सबसे पहले घर के बच्चों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने घर में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न मिल सके। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के मालिक कैलाश प्रसाद मिश्रा खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
परिजनों के मुताबिक रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस टीम करीब साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मामले पर थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि घटना की जांच जारी है और घर के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि लूट की सही राशि आवेदन मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read also Jamshedpur News: मानगो में विश्वनाथ ज्वेलर्स से 23 लाख रुपए के गहनों से भरा डिब्बा लेकर युवक चंपत

