रांची: मार्च क्लोजिंग को देखते हुए झारखंड सरकार ने सरकारी भुगतान और निकासी की प्रक्रिया तेज कर दी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने से पहले लंबित बिलों और विपत्रों के निपटारे के लिए 28 मार्च, शनिवार को भी रांची के कोषागार खुले रहेंगे।
सामान्य दिनों में शनिवार को सरकारी कार्यालय बंद रहते हैं, लेकिन इस बार वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में बढ़े कामकाज को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। यानी इस दिन अधिकांश विभागों द्वारा राशि की निकासी की जाएगी । बता दें कि 29 को रविवार होगा और 30 मार्च सोमवार को एक दिन कार्यालय खुलेगा। फिर 31 मार्च को महावीर जयंती की छुट्टी है। ऐसे में यह प्रयास हो रहा है कि अधिक से अधिक बजट की राशि निकासी कर दी जाए।
विभागों से आने वाले भुगतान संबंधी कागजात उसी दिन निपटाए जाएंगे
वित्त विभाग (कोषागार एवं सांस्थिक वित्त निदेशालय) की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि प्रोजेक्ट भवन कोषागार, साइबर कोषागार, डोरंडा कोषागार, एसएनए कोषागार शनिवार को अन्य कार्य दिवसों की तरह पूरे समय संचालित रहेंगे। इसका मकसद यह है कि विभागों से आने वाले भुगतान संबंधी कागजात उसी दिन निपटाए जा सकें और वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले सभी जरूरी भुगतान पूरे कर लिए जाएं।
सरकार ने कोषागार और उप-कोषागार अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 28 मार्च को प्राप्त होने वाले सभी विपत्रों को उसी दिन पारित कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। मार्च के अंतिम दिनों में आम तौर पर विभिन्न विभागों की ओर से बड़ी संख्या में बिल जमा किए जाते हैं, इसलिए भुगतान प्रक्रिया में देरी न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।
इस आदेश की प्रति उपायुक्त रांची, भारतीय रिजर्व बैंक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, महालेखाकार झारखंड, सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित बैंकों को भी भेजी गई है। सरकार चाहती है कि मार्च क्लोजिंग के दौरान किसी विभाग का भुगतान अटका न रहे और वित्तीय लेन-देन तय समय सीमा के भीतर पूरा हो सके।
एन एच आई ऑफिस 28 मार्च को भी रहेगा खुला
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन और परियोजनाओं से जुड़े भुगतान-प्राप्ति कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके अनुसार 28 मार्च 2026 (शनिवार) को भी वित्त प्रभाग खुला रहेगा, ताकि मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों और परियोजना इकाइयों में वित्तीय कार्य बाधित न हों। आदेश में वित्त प्रभाग से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह आदेश सीजीएम वित्त आशीष कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया।

