रांची : झारखंड में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि, बीते 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में शीतलहर दर्ज नहीं की गई, लेकिन कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। बिहार की सीमा से सटे पलामू जिले में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
कम विजिबिलिटी से बढ़ी परेशानी
मौसम विभाग के मुताबिक, डाल्टनगंज में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर केवल 300 मीटर रह गई। वहीं राजधानी रांची में विजिबिलिटी करीब 700 मीटर, जबकि जमशेदपुर में यह 800 मीटर दर्ज की गई। सुबह के समय धुंध और कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतनी पड़ी।
गुमला रहा सबसे ठंडा
राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह के समय धुंध या कोहरा देखा जा रहा है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने से धूप निकल रही है। इसी कारण न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
डाल्टनगंज में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 8.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि बोकारो में यह 0.4 डिग्री बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 5 दिन शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान झारखंड का मौसम शुष्क बना रहा। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से ठंड का असर जारी है, हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन सुबह-शाम की ठंड और कोहरा लोगों को परेशान करता रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

