Jamshedpur : आजादनगर थाना अंतर्गत रांची-टाटा नेशनल हाईवे-33 पर पारडीह में सिटी इन होटल के पास एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता के परिजनों ने मुख्य आरोपी को घटनास्थल पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि युवती मूकबधिर है। आरोपी अमित कुमार उक्त ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का काम करता है। युवती रोजमर्रा के काम के तहत वहां पानी भरने और गोबर लाने जाया करती थी। घटना वाले दिन भी वह गोबर लाने गई थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिजन जब कंपनी परिसर पहुंचे, तो उन्होंने आरोपी को युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने युवती का मुंह दबा रखा था। इस दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई। इसमें आरोपी अमित कुमार घायल भी हुआ है। इसके बाद आरोपी को आजादनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के एक साथी को भी हिरासत में लिया है। दूसरी तरफ, इस मामले में आरोपी को बचाने के प्रयास में कुछ नेता लग गए हैं। यह लोग घटना की अलग कहानी तैयार कर रहे हैं। आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों तक पैरवी की जा रही है। उधर, घटना को लेकर जनता में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस आरोपी को फौरन जेल भेजे।
आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि इस मामले में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले पीड़िता का भाई और आरोपी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। पीड़िता के भाई का कहना है कि वह शराब पीने के बाद घर चला गया था, जबकि आरोपी का दावा है कि उसने युवती को परिसर में आने से मना किया था, जिसके बाद पीड़िता के भाई ने उस पर हमला किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया कानून के अनुसार पूरी की जा रही है।

