गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में डुमरी स्थित कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार को सुबह में राष्ट्रीय उच्च पथ-19 (कोलकाता- दिल्ली) पर भीषण सड़क दुर्धटना हो गई, जिससे तीन वाहनों मे आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक का चालक व उपचालक (खलासी) जिंदा जल गया। उनकी पहचान अब तक नहीं ही पाई है, जबकि एक अन्य ट्रक का कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। वह पटना का निवासी है।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, गुड़ लदा ट्रक धनबाद की ओर जा रहा था। इसी बीच टोल प्लाजा के पास खड़े ट्रक से टकरा गया। इससे जोरदार धमाका हुआ। टोल प्लाजा पर पहले से खड़े ट्रक ने अपने आगे खड़े कोयला लदे ट्रक में टक्कर मारा। इससे तीनों ट्रकों में आग लग गई। आसपास में अफरा तफरी मच गई। इस घटना में टोल प्लाजा पर पहले से खड़े ट्रक में सो रहे पटना निवासी चालक टिंकू ठाकुर को गहरी चोट आई है।
जख्मी ने बताया कि वह ट्रक लेकर पटना से पुरुलिया जा रहा था। नींद आई तो ट्रक खड़ा कर सो गए। उसे सोए हुए 20 मिनट भी नहीं हुआ था कि पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। उसके ट्रक में पेंट और 7 टन मकई का दाना लदा था। उसने बताया कि टक्कर से दोनों ट्रक में आग लग गई। फिर मेरे ट्रक की टक्कर से आगे कोयला लदे ट्रक में भी आग लग गई।
बताया कि वह जख्मी हालत में अपने ट्रक से उतर गया। तीनों ट्रक धू धू कर जलने लगे। उसे एंबुलेंस से डुमरी स्थित रेफरल अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। फिलहाल उसकी हालत ठीक है। गुड़ लदे ट्रक की टक्कर की वजह से ही यह हादसा हुआ। दो ट्रक जल के खाक हो गए। तीसरे ट्रक को पुलिस ग्रामीणों के सहयोग से जलने से आधा बचा पाई। एक साथ तीन वाहनों में आग लगने के बाद एक चालक और उपचालक जिंदा जल गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दोनों के जले हुए शव काफी वीभत्स हो गए थे।
राष्ट्रीय उच्च पथ पर कुलगो टोल प्लाजा के पास सभी लोग आग व धमाका देख इधर-उधर भागने लगी। आग की ऊंची ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग भी सहम उठे। मामले की सूचना मिलते ही डुमरी थाना की पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से डीवीएल कंपनी के टैंकर से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया गया। मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम लगभग डेढ़ घंटा देर से पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इधर अगलगी की घटना में एक करोड़ से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है।

