रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 13वें महाधिवेशन में संगठनात्मक ढांचे में ऐतिहासिक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पार्टी ने अपने संविधान में बड़े संशोधन की तैयारी की है, जिसके तहत अब कार्यकारी अध्यक्ष का पद पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

हेमंत सोरेन को सौंपी जाएगी पार्टी की पूरी कमान
इस संशोधन के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झामुमो का नया केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। इससे साफ है कि अब वह न केवल सरकार बल्कि पार्टी की बागडोर भी पूरी तरह अपने हाथों में लेंगे।
संस्थापक शिबू सोरेन को मिलेगा नया पद
पार्टी के संस्थापक और आदिवासी राजनीति के पुरोधा शिबू सोरेन को संगठन में एक नया पद – संस्थापक संरक्षक (Founder Patron) – दिया जाएगा। यह पद उन्हें उनके योगदान और संगठन के प्रति समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
संविधान संशोधन प्रस्ताव पर लगेगी अंतिम मुहर
महाधिवेशन के दूसरे दिन, यानी मंगलवार 15 अप्रैल को, पार्टी के संविधान में संशोधन के इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। यह प्रस्ताव पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय द्वारा महाधिवेशन के पहले दिन पेश किया गया था।
राजनीतिक और संगठनात्मक एकता का संदेश
इस बदलाव को झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे न केवल संगठनात्मक स्पष्टता आएगी, बल्कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति भी समाप्त हो जाएगी। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पार्टी और सरकार, दोनों का संचालन अब अधिक संगठित ढंग से होने की संभावना है।

