RANCHI: जेपीएससी-2 घोटाले में ईडी ने मनी लाउंड्रिंग के एंगल से जांच तेज कर दी है। इस मामले में ईडी ने इन्फोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट दर्ज करने के बाद अब आरोपित अधिकारियों की संपत्ति की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। ईडी ने सीबीआई द्वारा आरोपित झारखंड पुलिस और प्रशासन से जुड़े 28 अधिकारियों की घोषित संपत्ति और वर्तमान पोस्टिंग का विस्तृत ब्योरा मांगा है। जिन अधिकारियों की संपत्ति का विवरण मांगा गया है, उनमें राज्य प्रशासनिक सेवा और राज्य पुलिस सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों में कुछ वर्तमान में एडीएम रैंक पर कार्यरत हैं, जबकि राज्य पुलिस सेवा के दो अधिकारी पदोन्नत होकर आईपीएस रैंक तक पहुंच चुके हैं। सभी 28 अधिकारी फिलहाल इस मामले में जमानत पर हैं। ईडी ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर सभी आरोपित अधिकारियों की मौजूदा तैनाती और सेवा काल के दौरान घोषित संपत्ति का विवरण मांगा है।

ईडी ने जिन अधिकारियों की संपत्ति का विवरण मांगा है, उनमें राधा प्रेम किशोर, विनोद राम, हरिशंकर, रवि कुमार कुजूर, मुकेश कुमार महतो, कुंदन कुमार सिंह, मौसमी नागेश, कानू राम नाग, प्रकाश कुमार, संगीता कुमारी, रजनीश कुमार, शिवेंद्र, संतोष कुमार चौधरी, रोहित सिंह, शैलेश कुमार श्रीवास्तव, अमित कुमार, राहुल जी आनंद, इंद्रजीत सिंह, शिशिर कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह, रामकृष्ण कुमार, प्रमोद राम, अरविंद कुमार सिंह, विकास कुमार पांडे, मनोज कुमार, सुदामा कुमार और कुमुद कुमार शामिल हैं।
बता दें कि सीबीआई ने जेपीएससी-2 घोटाले की जांच पूरी करने के बाद कुल 60 आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इनमें जेपीएससी के छह अधिकारी, एक निजी एजेंसी ग्लोबल इंफॉरमेटिक्स से जुड़े 28 परीक्षार्थी और 25 परीक्षक शामिल थे। जांच में परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और अवैध लाभ के गंभीर आरोप सामने आए थे।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: वर्द्धमान कंपाउंड हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

