Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद परीक्षा के करीब दो वर्ष पश्चात अभ्यर्थियों को रिजल्ट मिला है। यह परीक्षा 10 मार्च 2024 को रांची समेत राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के 9 फरवरी 2026 के आदेश के आलोक में संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई। इसी संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम प्रकाशित किया गया है।
जेपीएससी ने वर्ष 2023 में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 138 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया था। घोषित परिणाम के अनुसार कुल 1844 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए हैं। अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह परिणाम झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या 1736/2026 सहित अन्य संबंधित याचिकाएं शामिल हैं। साथ ही, यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती पाई जाती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हाल ही में जेपीएससी ने इस परीक्षा से संबंधित अंतिम उत्तर कुंजी जारी की थी, जिसके आधार पर अब संशोधित परिणाम प्रकाशित किया गया।

