
रांची : झारखंड सरकार ने चार विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रस्तावित 836 लिपिक (क्लर्क) पदों की भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रोक दी है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के आदेश के बाद इन पदों के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेजी गई अधियाचनाएं वापस ले ली गई हैं।
यह निर्णय नगर विकास एवं आवास, खान एवं भूतत्व, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की रिक्तियों पर लागू होगा। जेएसएससी को इन पदों पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है।
इन पदों के लिए वर्ष 2023 और 2024 में विज्ञापन जारी किए गए थे तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन भी किया था।

